Dhamtari: 24 घंटे बाद मिला मासूम लक्ष्य का शव, पुल में फंसा था शरीर, मशीन से तोड़ना पड़ा पुल

धमतरी। सोरीद-बागतराई नाले में रविवार शाम डूबे मासूम लक्ष्य साहू का शव करीब 24 घंटे बाद सोमवार शाम बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान बच्चे का शव नाले के पुल के हिस्से में फंसा मिला। शव को बाहर निकालने के लिए चैन माउंटेन और हैमर मशीन की मदद से पुल के हिस्से को तोड़ा गया।
जानकारी के मुताबिक, भर्रीपारा निवासी लक्ष्य साहू रविवार शाम करीब 5 बजे खेलते समय उफान पर चल रहे सोरीद-बागतराई नाले में गिर गया था। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम, पुलिस, एसडीआरएफ और नगर सैनिकों की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।
सोमवार को भी नाले में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुल के नीचे बच्चे के फंसे होने की जानकारी मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने मशीनों की मदद से पुल को तोड़कर शव को बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। महापौर रामू रोहरा भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की जानकारी ली।
शव को बाहर निकालने के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद सोरीद-बागतराई नाले के पुल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो हादसे को रोका जा सकता था। वहीं महापौर रामू रोहरा ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि बच्चे को बरामद तो कर लिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
महापौर ने बताया कि परिवार को आरबीसी 6-4 के तहत आर्थिक सहायता दिलाने के लिए कलेक्टर से चर्चा की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद नगर निगम ने सबक लिया है और पुल को अत्याधुनिक तरीके से बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। सड़क की स्वीकृति हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
हादसे के बाद इलाके में मातम
संबंधित वार्ड के पार्षद और नगर निगम के उप नेता प्रतिपक्ष विशू देवांगन ने कहा कि पुल की सुरक्षा को लेकर पहले भी आवाज उठाई जाती रही है और इस मुद्दे पर कई बार प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बरामद तो हुआ, लेकिन सुरक्षित नहीं मिल सका, जो बेहद दुखद है।
मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत के मुताबिक, रविवार शाम करीब 5 बजे बच्चे के नाले में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ और नगर सैनिकों की गोताखोर टीम लगातार तलाश में जुटी रही। करीब 24 घंटे बाद सोमवार शाम बच्चे का शव बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

