CG- फोन पर हुई कुछ मिनट की बातचीत, फिर खाते से गायब हो गए इतने हजार रुपये… ऐसे हुआ साइबर फ्रॉड…..

सरगुजा। ठग ने नगर पंचायत कुसमी में आंगनबाड़ी के नाम पर महिला के खाते से 37 हजार 650 रुपये उड़ा दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ठग को महिला की पूरी निजी जानकारी पहले से थी, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों से डेटा लीक होने की आशंका जताई जा रही है।
ठगी की शिकार महिला ने कुसमी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि सात महीने पहले उसका बच्चा हुआ है। 14 मई 2026 को उसके मोबाइल पर कॉल आया। काॅलर ने खुद को बलरामपुर जिला मुख्यालय से बोलना बताया और आंगनबाड़ी से संबंधित जानकारी देने लगा।
तकरीबन 18 मिनट तक चली बातचीत में ठग ने महिला का नाम, आधार नंबर, बच्चे का नाम, बच्चा किस आंगनबाड़ी में दर्ज है और वहां की कार्यकर्ता का नाम तक बता दिया। इससे महिला को लगा कि यह सरकारी सिस्टम के तहत किया गया काॅल है।
कॉलर फोन में पैसा आने की बात कह रहा था। घबराकर महिला ने फोन काट दिया। फोन कटने के कुछ देर बाद ही उनके बैंक शाखा कुसमी के खाता से तीन बार में राशि निकल गई। पहला ट्रांजेक्शन 11 हजार 550 रुपये , दूसरा 23 हजार 100 रुपये और तीसरा तीन हजार रुपये का हुआ। कुल 37 हजार 650 रुपये की ठगी हुई।
पीड़िता ने तुरंत साइबर क्राइम टोल फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पैसा रिफंड नहीं होने पर उन्होंने थाने में लिखित आवेदन दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
इस घटना ने आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज माताओं और बच्चों की गोपनीय जानकारी की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि कालर को महिला के संबंध में इतनी निजी जानकारी कैसे थी। अभी मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।



