अन्य ख़बरें

नगरी के छात्रावासों में अव्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचीं विधायक अंबिका मरकाम, बच्चों ने बताईं समस्याएं; विधानसभा में मुद्दा उठाने का आश्वासन

धमतरी नगरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र की विधायक अंबिका मरकाम ने नगरी स्थित कन्या एवं बालक छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर छात्रावास की दैनिक गतिविधियों, अध्ययन व्यवस्था, भोजन, बिजली, खेल सामग्री सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

छात्र-छात्राओं ने विधायक अंबिका मरकाम को छात्रावास में आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। बच्चों ने बताया कि छात्रावास में बिजली व्यवस्था से संबंधित परेशानी के साथ-साथ खेल सामग्री की भी आवश्यकता है। वहीं कन्या छात्रावास में छात्राओं ने टेलीविजन की आवश्यकता की जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने छात्रावास भवन की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान बेड की कमी, खिड़कियों में पर्दों की कमी सहित अन्य आवश्यकताओं को लेकर भी जानकारी सामने आई। विधायक ने संबंधित व्यवस्थाओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकारियों से चर्चा करने की बात कही।

विधायक अंबिका मरकाम ने छात्रावासों में अधीक्षकों की कमी का मुद्दा भी संज्ञान में लिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में अधीक्षक नहीं होने के कारण कई स्थानों का अतिरिक्त प्रभार एक ही व्यक्ति को संभालना पड़ रहा है, जिससे छात्रावासों के संचालन और निगरानी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने शासन स्तर पर अधीक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता बताई।

भोजन की गुणवत्ता एवं मेनू के लिए मिलने वाली राशि का भी उठाया मुद्दा…

निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं के भोजन की व्यवस्था और निर्धारित मेनू के संबंध में भी विधायक ने जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों के लिए पौष्टिक एवं पर्याप्त भोजन अत्यंत आवश्यक है। निर्धारित मेनू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा दी जाने वाली राशि वर्तमान आवश्यकताओं की तुलना में कम होने की बात भी सामने आई है। विधायक ने कहा कि इस विषय को भी विधानसभा में प्रमुखता से उठाकर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा, ताकि छात्रावासों में रहने वाले बच्चों को बेहतर भोजन एवं आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।

विधायक ने छात्र-छात्राओं से कहा कि छात्रावास उनके अध्ययन और सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए बिजली, बिस्तर, पर्दे, खेल सामग्री, मनोरंजन एवं अध्ययन से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होंने बच्चों को आश्वस्त किया कि छात्रावास से संबंधित समस्याओं को प्रशासनिक एवं शासन स्तर पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा आवश्यक सुविधाओं के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक अंबिका मरकाम ने छात्रावास संचालन से जुड़े अधिकारियों एवं अधीक्षकों को व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, भोजन, साफ-सफाई, अनुशासन और नियमित देखरेख को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार उचित कार्रवाई किए जाने के संबंध में भी निर्देशित किया।

विधायक ने कहा कि छात्रावासों में रहने वाले बच्चे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं और उनके बेहतर भविष्य के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का सही ढंग से क्रियान्वयन होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आवश्यक विषयों को विधानसभा के माध्यम से शासन के समक्ष रखा जाएगा।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सचिन भंसाली, किसान कांग्रेस प्रदेश सचिव मयंक ध्रुव, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष बेलरगांव अयूब खान, मीडिया प्रभारी महेंद्र पाण्डेय एवं युवा नेता रवि नेताम सहित संबंधित छात्रावास के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button