CG- बाघ का आतंक: गांव के करीब 5 बकरियों को बनाया शिकार, क्षेत्र में दहशत का माहौल…..
मोहला-मानपुर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के औंधी तहसील क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से एक बार फिर दहशत फैल गई है। गांव के करीब दिनदहाड़े बाघ ने पांच पालतू बकरियों को मार डाला। घटना के वक्त ग्रामीण महिलाएं बकरियां चरा रही थीं। अचानक बाघ के हमले से महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने किसी तरह मौके से बचकर अपनी जान बचाई, लेकिन बाघ पांच बकरियों को अपना शिकार बना चुका था।
इस घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों में भय का माहौल है। गांव के नजदीक दिनदहाड़े बाघ के हमले ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को अब अपने मवेशियों के साथ-साथ अपनी सुरक्षा की भी चिंता सता रही है।
घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है, और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है।घटना औंधी तहसील क्षेत्र के ग्राम रेंगाटोला इलाके की हैं, जहां इंसानी बस्ती के करीब ही खेत-खलिहानों के बीच बाघ की दस्तक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि करीब छह महिलाएं गांव से दूर अपने मवेशियों को चराने पहुंची थीं। इसी दौरान शाम के वक्त अचानक बाघ बकरियों के झुंड के बीच आ पहुंचा।ग्रामीणों के मुताबिक, बाघ ने पहले एक बकरी को दबोचा और इसके बाद एक के बाद एक पांच बकरियों का शिकार कर दिया।
बाघ के अचानक सामने आने से महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो दो बकरियां मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। वहीं अन्य तीन अगले बकरियो को दूसरे स्थान ले जा चुका था दूसरे दिन वन अमले के साथ जब ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां पड़ी दो मृत बकरियां भी गायब मिलीं।
ग्रामीणों का दावा है कि पांचों बकरियों को बाघ अपने कब्जे में ले गया है। बहरहाल बाघ प्राणघातक घटना को अंजाम देकर जंगल मे गुम हो गया है लेकिन अपने पीछे मवेशी चराने वालों, किसानो और ग्रामीणों के बीच खौफ़ फैला गया है।



