CG सड़क के बीच मौत का गड्ढा! अर्जुनी-झुझराकसा मार्ग पर ग्रामीणों ने बांस-बल्ली से लगाया जुगाड़, हादसे को दे रहा न्योता…

Chhattisgarh धमतरी। जिले की सीमा क्षेत्र में अर्जुनी-झुझराकसा नाला मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क के बीचों-बीच बना विशालकाय गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, वहीं स्कूली बच्चों और ग्रामीणों की भी लगातार आवाजाही रहती है।
यह सड़क जामगांव को कांकेर जिले से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। नगरी विकासखंड के ग्रामीणों के लिए कांकेर जिले तक पहुंचने का यह एक प्रमुख और सुगम रास्ता माना जाता है। लेकिन सड़क की मौजूदा स्थिति अब लोगों के लिए खतरे से कम नहीं है।

गड्ढे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों को खुद बांस और बल्ली के सहारे जुगाड़ से स्टॉपर लगाकर वाहन चालकों को सावधान करना पड़ रहा है। रात के समय यहां हादसे का खतरा और भी बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बना यह गड्ढा लगातार बड़ा होता जा रहा है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। खासकर स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।
अब सवाल यह है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही शासन-प्रशासन की नींद खुलेगी? ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
