CG Breaking: धमतरी में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 8 किलो गांजा और कार समेत ₹4.98 लाख का माल जब्त; आरोपी गिरफ्तार…

छत्तीसगढ़ धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत कुरुद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 8 किलो गांजा, एक कार और मोबाइल फोन समेत कुल 4 लाख 98 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नारी-कुरुद रोड पर भरदा चौक के आगे घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोका गया। तलाशी के दौरान कार से 8 किलो गांजा बरामद हुआ। मामले में 46 वर्षीय रामनाथ अंसारी, निवासी गोबरा, थाना कुरुद को गिरफ्तार किया गया।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये, कार की कीमत 4 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 18 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 4 लाख 98 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 336/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई। धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।


