CG – शादी के नाम पर 5.65 लाख की ठगी साइबर थाना पुलिस ने 4 महिला सहित 5 आरोपियों को दबोचा राजनांदगांव से हुई गिरफ्तारी पढ़े पूरी ख़बर
जांजगीर-चांपा//में शादी का विज्ञापन दिखाकर लोगों को ठगने वाले बड़े गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 महिला और 1 पुरुष सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजनांदगांव जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी भूमिका रंगारी, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
मोबाइल पर आया विज्ञापन और शुरू हुआ जाल…
मामला नवागढ़ क्षेत्र का है। पीड़ित 53 वर्षीय रेशम लाल साहू अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर शादी का एक विज्ञापन आया। संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद सरकारी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत’पदमा’ नाम की युवती से रिश्ता तय कराने का भरोसा दिया गया।
कुछ रकम जमा कराने के बाद उन्हें युवती का नंबर दिया गया। फिर वॉट्सऐप कॉल और चैटिंग के जरिए ‘पदमा’ बनकर मुख्य आरोपी महिला ने बात शुरू की।
मां की मौत, बीमारी और एक्सीडेंट का बहाना…
आरोपी युवती ने कभी मां के इलाज, कभी खुद के इलाज, कभी एक्सीडेंट और कभी मां की मौत का बहाना बनाकर लगातार पैसे मांगने शुरू कर दिए। शादी की उम्मीद में पीड़ित ने जमीन बेचकर और उधार लेकर कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपए अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
जब पीड़ित ने मिलने की जिद की तो युवती बहाने बनाने लगी। शक होने पर पीड़ित महासमुंद अस्पताल पहुंचा तो वहां ‘पदमा’ नाम की कोई नर्स ही नहीं मिली। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्र. 10/26 दर्ज किया गया।
पूर्व में मैरिज ब्यूरो में करती थी काम…
जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी भूमिका रंगारी पहले एक मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। बाद में उसने फर्जी संस्था बनाकर ठगी शुरू कर दी। बाकी 4 आरोपी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, बैंक खातों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर राजनांदगांव में दबिश देकर सभी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने अपील की है कि ऑनलाइन शादी के विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें।

