अन्य ख़बरें

धमतरी के 100 युवाओं को मिलेगा AI और डिजिटल स्किल्स का प्रशिक्षण, रोजगार के नए अवसरों की तैयारी…

धमतरी। बदलते तकनीकी दौर में युवाओं को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए धमतरी जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल कौशल प्रशिक्षण की पहल की गई है। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की घोषणा के अनुरूप जिले के 100 युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने पांच विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये के चेक प्रदान कर उन्हें कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित किया।

AI और डिजिटल स्किल्स से मजबूत होगा युवाओं का भविष्य…

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आज रोजगार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए केवल शैक्षणिक डिग्री हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आधुनिक तकनीक, डिजिटल कौशल और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का व्यावहारिक ज्ञान भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सहायता राशि का उपयोग प्रशिक्षण और अपनी तकनीकी दक्षता बढ़ाने में करने के लिए प्रेरित किया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी की घोषणा पर पहल…

गौरतलब है कि विगत 2 अगस्त को आयोजित ‘विकसित भारत के लिए नशामुक्त युवा’ कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने धमतरी जिले के 100 युवाओं को एआई एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण के लिए प्रति युवा 10 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की थी। इसी के तहत जिला प्रशासन युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में कदम उठा रहा है।

पांच विद्यार्थियों को मिले 10-10 हजार रुपये के चेक…

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कुमारी योगिता सिंह, प्रज्ञा साहू, प्रतीक ताम्रकार, मुस्कान साहू और संजय कुमार को 10-10 हजार रुपये के चेक प्रदान किए। इस सहायता से विद्यार्थी एआई एवं डिजिटल कौशल से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

प्रशिक्षण के साथ रोजगार और प्लेसमेंट पर जोर…

जिला प्रशासन और लर्निं जॉय के संयुक्त प्रयास से शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान देकर रोजगार एवं प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ना है। एआई और डिजिटल तकनीक का उपयोग शिक्षा, डेटा विश्लेषण, संचार तथा विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ रहा है। ऐसे में इन कौशलों का प्रशिक्षण युवाओं को भविष्य की कार्य आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में सहायक हो सकता है।

कार्यक्रम में सहायक संचालक कौशल विकास श्री शैलेन्द्र गुप्ता, लर्निं जॉय के श्री अभिषेक कुमार सहित संबंधित अधिकारी और महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

   नया भारत लाइव | धमतरी

Related Articles

Back to top button