CG Crime News: मस्जिद-मजार की दान पेटी से किराना दुकान तक चोरी! रायपुर से पकड़ा गया फरार आरोपी, नकदी-बाइक बरामद..!

धमतरी छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चोरी की कई वारदातों में फरार चल रहे आरोपी को सिहावा पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर सिहावा और नगरी क्षेत्र में किराना दुकान से नकदी चोरी करने, मस्जिद एवं मजार की दान पेटियां चोरी करने और मोटरसाइकिल चोरी करने के मामले दर्ज हैं। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक दान पेटी, 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
रायपुर में मिली लोकेशन, पुलिस टीम ने दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छोटू सोनवानी (27 वर्ष), निवासी स्कूलपारा सिहावा, के विरुद्ध थाना सिहावा में दर्ज चार मामलों सहित थाना नगरी के एक मामले में भी उसकी तलाश की जा रही थी। थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक चक्रधर बाघ के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
इसी दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम रवाना की गई। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर सिहावा थाना पहुंचाया, जहां पूछताछ के दौरान चोरी की विभिन्न घटनाओं के संबंध में जानकारी सामने आई।
किराना दुकान से 19 हजार रुपये की चोरी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने 19 जून 2026 को सिहावा के बाजार चौक स्थित मुरारी किराना दुकान की पेटी से 19 हजार रुपये चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 26 अगस्त को दानीबांधा स्थित मजार की दान पेटी और 7 अक्टूबर 2026 को बाजार चौक स्थित मस्जिद की दान पेटी चोरी करने का मामला भी सामने आया।
आरोपी ने मस्जिद की दान पेटी से निकाली गई चिल्हर राशि को सिहावा पहाड़ी में छिपाकर रखने की जानकारी दी। इसके साथ ही पाईकभांठा क्षेत्र से आई-स्मार्ट मोटरसाइकिल चोरी करने की घटना का भी खुलासा हुआ।
निशानदेही पर दान पेटी, नकदी और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर छिपाकर रखी गई एक दान पेटी, कुल 3,305 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की। धार्मिक स्थलों की दान पेटियों में चोरी की घटनाओं से स्थानीय मुस्लिम समुदाय में आक्रोश व्याप्त था।
आरोपी को 14 अक्टूबर 2026 को थाना सिहावा में दर्ज अपराध क्रमांक 47/2026, 69/2026, 78/2026 और 79/2026 के तहत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे जेएमएफसी न्यायालय, नगरी में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चक्रधर बाघ, सहायक उपनिरीक्षक दुलाल नाथ, प्रधान आरक्षक श्रवण ध्रुव, आरक्षक हरीश कावड़े, आरक्षक प्रमोद गाहड़े एवं डीएसएफ आरक्षक का विशेष योगदान रहा।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में चोरी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

