CG- चोरी के शक में सरेआम बेइज्जती, दो युवकों को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, लाठियों से की जमकर पिटाई, महिलाओं की भूमिका जानकर रह जाएंगे हैरान…..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के आमगांव में पंप चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने दो युवकों के साथ बर्बरता की। आरोप है कि युवकों को अर्धनग्न कर जूतों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इसके बाद उनके साथ लात-घूंसों और लाठियों से मारपीट की गई।
पढ़िए क्या है मामला?
पुलिस व स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, घटना ग्राम पंचायत आमगांव की है। गांव के किसान गीगल सिंह के घर से एक पानी का पंप चोरी हो गया था। किसान को भनक लगी कि गांव के ही रहने वाले धनसाय और सुखराम ने मिलकर यह पंप चुराया है। इसके बाद पीड़ित किसान ने गांव वालों को इकट्ठा किया और दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। सच्चाई उगलवाने के लिए भीड़ का गुस्सा ऐसा भड़का कि उन्होंने दोनों युवकों के कपड़े उतरवा दिए। उन्हें अर्धनग्न कर उनके गले में जूतों की माला डाल दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों को थप्पड़, लात और छड़ियों से जमकर पीटा, साथ ही गालियां भी दीं। वहां मौजूद लोग बीच-बचाव करने के बजाय तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे। भीड़ में मौजूद कुछ महिलाएं उकसाकर कह रही हैं-और मारो…।
तालिबानी सजा के बाद सच आया सामने
दोनों युवक पहले इनकार करते रहे, पर भीड़ की पिटाई से टूट गए। धनसाय और सुखराम ने सबके सामने चोरी की बात कबूल कर ली। बताया पंप चुराकर एक हजार रुपये में बेच दिया था।



