CG- प्रेमी बना हैवान : ब्रेकअप से नाराज ने गर्लफ्रेंड को बेल्ट से पीटा, फोन नहीं उठाने पर जताई नाराजगी, दी ये धमकी……

बिलासपुर। बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ब्रेकअप के बाद युवती से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने रास्ते में युवती को रोक लिया और दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने व उसका फोन नहीं उठाने को लेकर विवाद करने लगा। युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ और बेल्ट से उसकी पिटाई कर दी। हमले में युवती के चेहरे, गाल, गर्दन और जांघ में चोटें आई हैं। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय युवती करबला रोड स्थित भाजपा कार्यालय के पास राजपाल ट्रेडर्स बूट हाउस शोरूम में काम करती है। उसका चांटीडीह के रामायण चौक निवासी अमन साहू (26) के साथ पहले प्रेम संबंध था। युवती के मुताबिक करीब 15 दिन पहले उसने अमन से संबंध तोड़ लिए थे।
युवती दुकान से अपनी स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मनोहर बूट हाउस, सिटी सेंटर के पास अमन ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसने युवती पर दूसरे व्यक्ति से बातचीत करने और उसका फोन नहीं उठाने को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद अश्लील गाली-गलौज करने लगा।
युवती ने गाली देने से मना किया तो अमन ने जान से मारने की धमकी दी और हाथ-थप्पड़ व बेल्ट से मारपीट की। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने विवाद और मारपीट देखी-सुनी। युवती ने घर पहुंचकर अपनी मां और बहन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह मां के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



