छत्तीसगढ़

CG- नवरात्र में गायों को मारने और मांस बेचने के आरोप से मचा हड़कंप, पुलिस ने 10 लोगों को किया गिरफ्तार….

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दो गायों की हत्या और उनका मांस बेचने के आरोप में पुलिस ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामला 12 अक्टूबर को सामने आया, जब गौरवीनगर में निर्माणाधीन पुल के पास गाय का कटा हुआ सिर मिला। इसके दो दिन बाद इसी इलाके के शीतला तालाब में भी एक अन्य गाय का कटा हुआ सिर मिलने से मामला गंभीर हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता और नवरात्र के दौरान स्थिति को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और शिकायत के आधार पर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के लिए चिखली थाना और साइबर प्रकोष्ठ की टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें कुछ लोग आवारा मवेशियों को अपने घर ले जाते दिखाई दिए।

अधिकारी के अनुसार, उनकी पहचान गौरवीनगर निवासी अब्दुल अलीम उर्फ कनवा (39), उसकी पत्नी और बेटी के रूप में हुई। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अलीम ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी, 17 वर्षीय बेटी और अन्य लोगों की मदद से गायों की हत्या की और उनका मांस बेचा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में अलीम, उसकी पत्नी अंजुम बेगम (35), सलमान खान (19), मोहम्मद साकिर खान (20), मोइन गौरी (35), आरिफ कुरैशी (39), सलीम अख्तर (42), सैयद नदीम (38), मोहम्मद सिराज (46) और मोहम्मद तौहीद (28) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य), 325 (किसी पशु की हत्या या उसे अपंग कर नुकसान पहुंचाना), 238 (साक्ष्य मिटाना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button