अन्य ख़बरें

धमतरी में खूनी विवाद: गाली-गलौज रोकने पर पड़ोसी ने पेट में घोंपा चाकू,घायल रायपुर के ICU में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार..!

छत्तीसगढ़ धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत करेलीबड़ी चौकी के ग्राम धौराभाठा में गाली-गलौज करने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार, विवाद से आक्रोशित पड़ोसी ने रोशन साहू के पेट पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रोशन साहू का रायपुर के उर्मिला अस्पताल में आईसीयू में उपचार जारी है। मामले में पुलिस ने 56 वर्षीय आरोपी अवधराम साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गाली-गलौज रोकने पर भड़का पड़ोसी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया तामेश्वरी साहू ने करेलीबड़ी चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पड़ोसी अवधराम साहू आए दिन अपने घर की बाड़ी में गाली-गलौज करता रहता था। 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 7:30 बजे प्रार्थिया के पति रोशन साहू और पड़ोसी चुम्मन साहू ने उसे गाली-गलौज करने से मना किया।

आरोप है कि इस बात से नाराज होकर अवधराम साहू ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे सब्जी काटने वाले धारदार स्टील के चाकू से रोशन साहू के पेट पर वार कर दिया। हमले में रोशन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल रायपुर के उर्मिला अस्पताल ले जाया गया, जहां आईसीयू में उनका उपचार जारी है।

घर के आंगन में छिपाया था चाकू

घटना की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने अपराध क्रमांक 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 109(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ की।

विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर उसके घर के आंगन में ईंट के टुकड़ों के नीचे छिपाकर रखा गया घटना में प्रयुक्त धारदार स्टील का चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में चाकू जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा गया

पुलिस के अनुसार, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 24 अक्टूबर 2026 को आरोपी अवधराम साहू (56 वर्ष), पिता स्वर्गीय खोरबाहरा साहू, निवासी ग्राम धौराभाठा, चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में कार्रवाई

धमतरी पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने इस घटना के बाद आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद या गाली-गलौज की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। विवादों का समाधान शांतिपूर्ण और कानूनी तरीके से करें तथा हिंसा या गंभीर अपराध से संबंधित किसी भी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button