CG- दोहरे हत्याकांड मामले में जेल में बंद आरोपी ने की आत्महत्या की कोशिश, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप…..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला जेल में बंद दोहरे हत्याकांड के आरोपी ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। आरोपी के हाथ पर धारदार हथियार से कटने के निशान मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। फिलहाल घटना को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
मां-बेटे की हत्या का है आरोपी
जानकारी के मुताबिक, आरोपी प्रवेश कुमार को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। उस पर केशवनगर में एक शिक्षिका और उसके बेटे की पैसों के लालच में हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में सूरजपुर जिला जेल भेजा गया था।
आत्महत्या के प्रयास की आशंका
जेल में बंद रहने के दौरान उसके हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, आरोपी के हाथ में किसी धारदार चीज से कटने के निशान मिले हैं।
प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के प्रयास की आशंका जताई गई है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल भेज दिया।



