CG- महिला कर्मचारी का आरोप- रेल अफसर ने बंद कमरे में की अश्लील मांग, विरोध करने पर दी धमकी…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेल मंडल में एक अधिकारी पर प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए काम करने वाली महिला कर्मचारी के यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि अधिकारी महिला पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। महिला के विरोध करने पर उसे नौकरी से हटाने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है। मामले ने रेलवे महकमे में हलचल मचा दी है।
महिला ने रेल मंत्री, राज्य महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। जिला महिला बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी को जांच करने व रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
रेलवे के कंस्ट्रक्शन विभाग में पदस्थ अफसर के अंडर में एक महिला काम करती हैं। महिला का आरोप है कि संबंधित अधिकारी पद का गलत फायदा उठाते हुए अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। जब महिला ने उसकी हरकतों का विरोध किया, तब अधिकारी उसे नौकरी से निकालने की लगातार धमकी दी जा रही है।
रेलमंत्री, महिला आयोग और CM हेल्पलाइन में की शिकायत
रेल अफसर के यौन प्रताड़ना की शिकार महिला ने जब विरोध किया तो उसे काम से हटाने का डर दिखाया जा रहा है। परेशान होकर महिला ने रेलमंत्री, महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में बिल्हा विकासखंड के अंतर्गत रानी दुर्गावती नगर क्षेत्र से की गई है।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी को जांच के निर्देश
पीड़ित महिला ने सम्मान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर ली गई है। साथ ही प्रकरण को जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास विभाग) को जांच के लिए भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि मामले की जांच प्रक्रियाधीन है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार आगामी कदम उठाए जाएंगे।



