छत्तीसगढ़

लोहारा पुलिस की कार्रवाई, किराना दुकान में चोरी का फरार आरोपी गिरफ्तार, 60 हजार रुपये की चोरी के मामले में अमन निषाद उर्फ गदालू निषाद गिरफ्तार, पहले ही पकड़े जा चुके हैं दो आरोपी।

कबीरधाम जिले के थाना सहसपुर लोहारा पुलिस ने किराना दुकान में ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में फरार आरोपी अमन निषाद उर्फ गदालू निषाद (18 वर्ष),निवासी कवर्धा को 27 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार,सहसपुर लोहारा निवासी हमीद खान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त की रात से 27 अगस्त 2026 की सुबह के बीच अज्ञात आरोपियों ने उनकी किराना दुकान का ताला तोड़कर 10 हजार रुपये नगद और अन्य सामग्री चोरी कर ली थी। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई। मामले में अपराध क्रमांक 132/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस को थाना बोड़ला की चौकी पोड़ी में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार संदेही रवि सारथी से पूछताछ के दौरान सहसपुर लोहारा की चोरी में संलिप्तता की जानकारी मिली। उसकी निशानदेही पर राजूदास कांटले के माध्यम से चोरी गई दुकान की सामग्री बरामद की गई। मामले में रिंकू साहू और रवि सारथी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने मामले में फरार चल रहे अमन निषाद उर्फ गदालू निषाद की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4), 3(5), 317(2) एवं 317(5) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार,प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

Related Articles

Back to top button