CG मौत बनकर आया तेंदुआ: महिला को पकड़कर ले जाने लगा, बहन के साहस और ग्रामीणों की एकजुटता से बची जान,सिर-गर्दन पर गहरे जख्म,मचा हड़कंप..!

धमतरी/नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी वनांचल में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई। ग्राम पंचायत बासपानी के आश्रित ग्राम ठेमली पारा में शाम करीब 6 बजे पानी भर रही 45 वर्षीय महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। तेंदुआ महिला को पकड़कर घसीटते हुए ले जाने लगा। इसी दौरान महिला की बड़ी बहन ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और तेंदुए की ओर दौड़ी। आसपास के ग्रामीण भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के सिर और गर्दन के पास चोटें आई हैं, जबकि शरीर पर नाखूनों के गहरे घाव भी बताए जा रहे हैं।
पानी भरते समय अचानक तेंदुए ने किया हमला
जानकारी के अनुसार, ठेमली पारा गांव दुधावा बांध के किनारे बसा हुआ है। घटना के समय शाम करीब 6 बजे महिला शांति मरकाम, उम्र 45 वर्ष, अपने घर के सामने नल-जल योजना के नल से पानी भर रही थी। तभी अचानक पहाड़ी की ओर से तेंदुआ आया और महिला पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि तेंदुए ने महिला को पकड़कर घसीटना शुरू कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद उसकी बड़ी बहन ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और तेंदुए की ओर दौड़ पड़ी। आसपास के लोगों ने भी आवाज सुनकर मदद के लिए दौड़ लगाई। लोगों के एकजुट होने पर तेंदुआ महिला को छोड़कर भाग गया।
सिर और गर्दन के पास चोट, अस्पताल में कराया गया भर्ती
तेंदुए के हमले में शांति मरकाम के सिर और गर्दन के पास चोटें आई हैं। इसके अलावा शरीर पर तेंदुए के नाखूनों से गहरे घाव होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पूर्व सरपंच रामसिंह, संग्राम जूरी, सहदेव वट्टी, विदेश नागदेव चंद सहित ग्रामीणों ने सहयोग किया। वन विभाग की ओर से बीट गार्ड लोमेश साहू और डिप्टी रेंजर ऋषि कुमार मेश्राम समेत अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में सहयोग दिया।
वनांचल में बढ़ी चिंता, ग्रामीणों में दहशत
नगरी-सिहावा वनांचल में वन्यप्राणियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ रही है। ठेमली पारा में महिला पर तेंदुए के हमले की घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बरतने की जरूरत और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की है।
फिलहाल, घायल महिला का नगरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों से अपील है कि तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।