छत्तीसगढ़

CG- सब स्टेशन ऑपरेटर की मौत, ड्यूटी के दौरान ऐसे हुए हादसे के शिकार, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…..

तखतपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बिजली सब स्टेशन ऑपरेटर की जान चली गई। ग्राम कुरेली स्थित सब स्टेशन में ड्यूटी के दौरान ऑपरेटर करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि ऑपरेटर को ड्यूटी के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण भी मुहैया नहीं कराए गए थे। ऐसे में हादसे ने विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना हिर्री थाना क्षेत्र का है। ग्राम कुरेली स्थित बिजली सब स्टेशन में 32 वर्षीय अमन साहू ठेका कंपनी के अंतर्गत स्टेशन ऑपरेटर के रूप में काम करता था। बताया जा रहा है कि बीती रात अमन साहू सब स्टेशन में ड्यूटी पर तैनात था। रातभर ड्यूटी करने के बाद सुबह जब रिलीवर ऑपरेटर सब स्टेशन पहुंचा, तब हादसे की जानकारी सामने आई। अमन सब स्टेशन के कार्यालय में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा पंचनामा कार्रवाई की जा रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए जिम्मेदार कौन है, यह जांच का विषय है। एक युवा कर्मचारी की इस तरह असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना ने बिजली विभाग और ठेका कंपनी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

आरोप है कि जान जोखिम में डालकर काम करने वाले ऑपरेटर को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। हालांकि, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, हादसे के वास्तविक कारण और विभागीय जिम्मेदारी को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

कुरेली सब स्टेशन में हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। आखिर बिजली जैसी जोखिम भरी व्यवस्था में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? क्या ठेका कंपनी और विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था? इन सवालों के जवाब अब जांच में तलाशने होंगे। फिलहाल एक 32 वर्षीय युवा ऑपरेटर की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button