CG- कलेक्ट्रेट परिसर में चौकीदार की मिली लाश, फंदे से लटका मिला शव, इलाके में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां तैनात चौकीदार का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान दिनेश यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल चौकीदार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह 9 बजे जब कलेक्टर परिसर में कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि चौकीदार का शव परिसर की सीढ़ी के पास फंदे से लटका हुआ था। कर्मचारियों ने तत्काल सिविल लाइन पुलिस को सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
जांच में मृतक की पहचान 50 वर्षीय दिनेश यादव के रूप में की गई है। दिनेश यादव कलेक्ट्रेट का चौकीदार था। बताया जा रहा हैं कि आज सुबह 6:30 के आसपास उसे परिसर में देखा गया था, फिर सुबह 9 बजे फंदे से लटका शव मिला।
मृतक के दो बेटे
सिविल लाइन पुलिस मामले में मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आया है कि चौकीदार दिनेश यादव का परिवारिक विवाद चल रहा था। मृतक के दो बेटे भी हैं। फिलहाल पुलिस मामले में मृतक के साथी और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस मामले में आगे की जांच कार्रवाई कर रही है।



