चिन्हारी महोत्सव 2026 का न्योता लेकर वन मंत्री केदार कश्यप से मिली अंगारमोती सेवा समिति, दुगली में होगा भव्य आयोजन..!

दुगली में माता अंगारमोती की फूल मंडाई एवं सम्मान समारोह का होगा आयोजन, महोत्सव के 11वें संस्करण की तैयारियां शुरू
धमतरी/नगरी। धमतरी जिले के दुगली वनांचल क्षेत्र में आराध्य देवी माता अंगारमोती की फूल मंडाई एवं सम्मान समारोह के अवसर पर आयोजित होने वाले 11वें संस्करण के चिन्हारी महोत्सव 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस आयोजन में शामिल होने के लिए अंगारमोती सेवा समिति दुगली की ओर से छत्तीसगढ़ शासन के वन, पर्यावरण एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप को सादर आमंत्रित किया गया है।
समिति के अध्यक्ष सुरेन्द्र राज ध्रुव, श्यामा चरण मंडावी एवं दिपेश दीवान ने मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर उन्हें दुगली स्थित माता अंगारमोती प्रांगण में आयोजित होने वाले फूल मंडाई कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह में शामिल होने का न्योता दिया।
चिन्हारी महोत्सव का आयोजन क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके माध्यम से वनांचल क्षेत्र की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पहचान को सहेजने के साथ ही समाज के विशिष्ट योगदान देने वाले लोगों का सम्मान किया जाता है।
समिति सदस्यों ने मंत्री को महोत्सव की रूपरेखा एवं आयोजन की जानकारी देते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। अब समिति को मंत्री केदार कश्यप की उपस्थिति का इंतजार है।माता अंगारमोती के पावन प्रांगण में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह का माहौल है।
