CG- 2 अधिकारी गिरफ्तार, धान खरीदी में किया बड़ा फ्रॉड, जाने पूरा मामला…..

कांकेर/अंतागढ़। खरीफ सीजन में किसानों से धान खरीदने के लिए बनाई गई सहकारी समिति में बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति आसुलखार में करीब 1 करोड़ 44 लाख रुपये की अनियमितता और गबन का आरोप है। संयुक्त जांच समिति ने रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन में 11,628 बोरा बारदाना तथा 4,651.20 क्विंटल धान की कमी पाई है। मामले में पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी को गिरफ्तार किया है।
मामला खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 का है। समिति में कुल 748 किसानों से 36,703.20 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई थी। खरीदी और भंडारण से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के दौरान बारदाने और धान की मात्रा में अंतर सामने आया।
संयुक्त जांच समिति की रिपोर्ट के मुताबिक, समिति में 11,628 बोरा बारदाना और 4,651.20 क्विंटल धान कम पाया गया। इस गड़बड़ी से जुड़ी वित्तीय अनियमितता की कुल राशि 1,44,18,720 रुपये आंकी गई है।
खरीदी प्रभारी और बारदाना प्रभारी गिरफ्तार
जांच प्रतिवेदन के आधार पर समिति प्रबंधक की रिपोर्ट पर थाना भानुप्रतापपुर में अपराध क्रमांक 226/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी टिकेश्वर पोटाई और बारदाना प्रभारी भोज कुमार जैन को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



