CG- रिश्तों का कत्ल : जेठ ने कुल्हाड़ी से वारकर की छोटे भाई की पत्नी की हत्या, इस वजह से दिया खौफनाक वारदात को अंजाम…..

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले के ग्राम मोहगांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही भाभी हेमलता निषाद की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ देवसिंग निषाद को वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी देवसिंग निषाद और मृतिका हेमलता निषाद के बीच पारिवारिक रंजिश और शक को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले हेमलता का गला दबाया और इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से लगे नहर किनारे जाकर छिप गया था। घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर नहर के पास छिपे आरोपी देवसिंग निषाद को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी मृतिका के साथ छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ग्राम मोहगांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के भयावह परिणाम को उजागर कर दिया है।



