छत्तीसगढ़

CG- सनी देओल की ‘सूर्या’ पर कानूनी घमासान! फिल्म के एक सीन ने मचाया बवाल, छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने NMC को भेजा नोटिस…..

रायपुर। सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ के प्रमोशनल कंटेंट पर छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने आपत्ति जताई है। डॉक्टरों को गोली मारने वाले दृश्यों पर रोक की मांग की है। देशभर में चिकित्सकों के साथ हो रही हिंसा, दुर्व्यवहार और उनके पेशे की छवि खराब करने वाले मामलों को लेकर छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी ने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के चेयरमैन डॉ. अभिजात चंद्रकांत शेठ और सचिव डॉ. राघव लैंगर को कानूनी नोटिस भेजा है। सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी ने नोटिस के जरिए आयोग पर चिकित्सकों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में अपेक्षित कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया है।

सोसायटी ने कहा है कि चिकित्सकों के खिलाफ लगातार बढ़ रही हिंसा और दुर्व्यवहार की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इसके बावजूद NMC की ओर से चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को सख्त दिशा-निर्देश जारी करने तथा मौजूदा कानूनी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी पहल नहीं की गई है। नोटिस में इसे आयोग की जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता बताया गया है।

सोसायटी ने अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के प्रमोशनल कंटेंट और दृश्यों पर भी आपत्ति जताई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में पूरे मेडिकल सेक्टर को अनैतिक और भ्रष्ट रूप में दिखाने की कोशिश की गई है। साथ ही चिकित्सकों के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां, गाली-गलौज और उन्हें गोली मारने जैसे हिंसक दृश्य दिखाए गए हैं।

सोसायटी का कहना है कि इस तरह के कंटेंट से आम लोगों के बीच चिकित्सकों के प्रति नकारात्मक सोच और शत्रुता बढ़ सकती है। इससे डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा को भी बढ़ावा मिलने की आशंका है। संगठन ने इसे चिकित्सा पेशे की गरिमा और चिकित्सकों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

Related Articles

Back to top button