CG Mahadev Betting App: सौरभ चंद्राकर 8 दिन CBI रिमांड पर, दिल्ली में CCTV की निगरानी में होगी पूछताछ, खुलेगा 94,400 करोड़ का राज!

रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रायपुर स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सौरभ को 8 दिनों की रिमांड पर सीबीआई को सौंप दिया है। अब सीबीआई की टीम उसे दिल्ली मुख्यालय ले जाकर 12 नवंबर तक पूछताछ करेगी।
खास बात यह है कि दिल्ली में सौरभ चंद्राकर से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूछताछ की जाएगी। सीबीआई महादेव सट्टा ऐप से जुड़े लेनदेन और नेटवर्क को लेकर उससे सवाल-जवाब करेगी। माना जा रहा है कि पूछताछ के दौरान इस मामले से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं।
सीबीआई के अनुसार, सौरभ चंद्राकर की रिमांड मिलने के बाद निम्नलिखित अहम पहलुओं पर जानकारी सामने आ सकती है। सट्टेबाजी के अवैध साम्राज्य से अर्जित धन को विदेश भेजने वाले अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय हवाला चैनलों का पर्दाफाश। प्रभावशाली राजनेताओं, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र तक पहुंचने वाली कथित प्रोटेक्शन मनी के लेनदेन की पड़ताल की जा रही है। रिमांड प्रक्रिया के दौरान जांच एजेंसी ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान या आरोपी का औपचारिक बयान जारी नहीं किया है।
महादेव सिंडिकेट देश का सबसे बड़ा और संगठित ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म बन चुका था, जो क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर दांव लगवाने के लिए 3,000 से अधिक अवैध पैनल शाखाएं संचालित कर रहा था। सट्टे का काला धन पहले बेनामी बैंक खातों में जमा कराया जाता था, जिसे बाद में ट्रैकिंग से बचाने के लिए लेयरिंग के जरिए हवाला से विदेश भेजा जाता था।



