CG- अवैध पटाखा बिक्री पर पुलिस की रेड, लाखों के पटाखे जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार……

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बेचने और जमा करने वालों को पकड़ा। इस दौरान करीब 1.46 लाख रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए गए हैं। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई नगरी क्षेत्र की है, यहां ग्राम फरसिया में एक घर में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों को बेचने के लिए रखा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. अलग-अलग कंपनियों के करीब एक लाख 30 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए गए। विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
मगरलोड थाना क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार किराना स्टोर में अवैध रूप में पटाखा भंडारण किया गया था। भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर पर पुलिस टीम ने दबिश दी। एक कार्टून में अलग-अलग कंपनियों के 16 हजार 500 रुपये के पटाखा जब्त किया गया।
फिलहाल 3 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



