CG- पति को खा जाएगी बुरी आत्मा! तांत्रिक की डरावनी बातों में फंसी महिला, फिर जो हुआ…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अंधविश्वास के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि एक कथित तांत्रिक ने महिला को घर में बुरी आत्मा का साया होने और उसके पति की जान को खतरा होने का डर दिखाया। इसके बाद पूजा-पाठ और विशेष अनुष्ठान कराने के नाम पर महिला से 24 लाख 35 हजार 400 रुपये ऐंठ लिए। मामले में महिला ने मनीष महाराज उर्फ नंदी महाराज के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जानिए पूरा मामला
ग्राम करगीखुर्द के छटनटिकरा निवासी मायावती कंवर (38 वर्ष) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जून 2026 में एक व्यक्ति उनके गांव पहुंचा था। उसने खुद को बाबा नंदी महाराज उर्फ मनीष महाराज बताते हुए महिला और उसके परिवार को डराया कि उसके परिवार पर किसी बुरी आत्मा का प्रभाव है और दावा किया, कुछ ही दिनों में उसके पति की मृत्यु हो सकती है। इससे परिवार भयभीत हो गया। आरोपी ने पूजा-पाठ और अनुष्ठान के जरिए समस्या दूर करने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में 1600 रुपये नकद लिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता लिखित की शिकायत पर मोबाइल धारक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के मोबाइल नंबर, यूपीआई, बैंक खातों और कॉल डिटेल सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करने की मांग की है। साथ ही मंडला में रकम सौंपने के दौरान मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने और ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए संबंधित बैंक खातों को होल्ड कराने की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपी फोन के माध्यम से लगातार संपर्क कर पूजा-पाठ के नाम पर रकम मांगता रहा। महिला ने परिचितों और रिश्तेदारों के माध्यम से अलग-अलग तारीखों में कुल 33,800 रुपये ऑनलाइन भुगतान किए। इसके बाद 31 अक्टूबर 2026 को आरोपी ने विशेष अनुष्ठान के लिए उसे मध्यप्रदेश के मंडला जिले के ग्राम किंदारी बुलाया। महिला का आरोप है कि उसने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर तथा घर से व्यवस्था कर 24 लाख रुपये जुटाए और ग्राम किंदारी पहुंचकर आरोपी को दिया। इस दौरान राजकुमार यादव भी उसके साथ मौजूद था। महिला के अनुसार, इस तरह आरोपी को कुल 24 लाख 35 हजार 400 रुपये दिए गए।



