CG- मौत बनकर टूट पड़ा मधुमक्खियों का झुंड, चेहरे से लेकर पूरे शरीर पर मारे ताबड़तोड़ डंक, तड़प-तड़पकर गई युवक की जान…..

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मधुमक्खियों के झुंड का हमला एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। सिंगीबहार क्षेत्र के पकरीटोली गांव में अचानक मधुमक्खियों ने 32 वर्षीय युवक को घेर लिया और उसके चेहरे व शरीर पर ताबड़तोड़ डंक मार दिए। हमले के बाद युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश करते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान पकरीटोली निवासी दिलकुंवर राम (32) के रूप में हुई है। दिलकुंवर राम रात करीब साढ़े आठ बजे अपने घर से बाहर किसी काम से निकला था। इसी दौरान गांव में स्थित एक पेड़ पर बने मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक सैकड़ों की संख्या में मधुमक्खियां निकल पड़ीं और उस पर टूट पड़ीं।
चेहरे और शरीर को बुरी तरह डसा
मधुमक्खियों के झुंड ने दिलकुंवर को संभलने का मौका तक नहीं दिया और उसके चेहरे समेत शरीर के कई हिस्सों में अनगिनत डंक मार दिए। अचानक हुए हमले से युवक बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी।
परिजनों की एक गलती पड़ गई भारी
घटना के बाद घबराए परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय रातभर घर पर ही देसी या घरेलू नुस्खों से इलाज कराते रहे। जहर पूरे शरीर में फैलने के कारण सुबह होते-होते, उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई। सुबह करीब पांच बजे जब परिजन उसे लेकर तपकरा अस्पताल पहुंचे, तो वहां के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कुनकुरी के होलीक्रॉस अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे तुरंत होलीक्रॉस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जरा सी लापरवाही बन सकती है जानलेवा!
एलर्जी और टॉक्सिसिटी: मधुमक्खी के डंक से एलर्जी होने पर 15 मिनट से लेकर 1 घंटे के भीतर शरीर में गंभीर प्रतिक्रिया (Anaphylaxis) हो सकती है। इसमें सांस लेने में तकलीफ, गले व जीभ में सूजन, ब्लड प्रेशर में भारी गिरावट और हार्ट से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
अंगों पर असर: यदि किसी व्यक्ति को बहुत अधिक संख्या में डंक लग जाएं, तो मधुमक्खी का जहर शरीर के अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इससे मांसपेशियों को भारी क्षति और किडनी फेल होने तक का खतरा पैदा हो जाता है।



