CG – सरपंच गिरिज ध्रुव के नेतृत्व में खपरी (ओ) में गौरा-गौरी पूजा के बाद धूमधाम से हुआ विसर्जन पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//ग्राम पंचायत खपरी (ओ) में मंगलवार को गौरा-गौरी पूजा-अर्चना के पश्चात् विसर्जन कार्यक्रम गोंड समाज द्वारा बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। पूरा कार्यक्रम सरपंच गिरिज ध्रुव के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
सुबह से ही गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में गौरा-गौरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के दौरान गांव की सुख-समृद्धि, अच्छी फसल और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।
पूजा संपन्न होने के बाद गौरा-गौरी की प्रतिमा को बाजे-गाजे के साथ पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने नृत्य-गायन के साथ जमकर उत्साह दिखाया। गोंड समाज के पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर पूरा गांव झूम उठा। इसके बाद विधि-विधान से विसर्जन किया गया।
इस अवसर पर सरपंच गिरिज ध्रुव ने कहा कि गौरा-गौरी पूजा हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान है। इसे हर वर्ष इसी तरह एकता और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गोंड समाज सहित समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में गोंड समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। विसर्जन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


