छत्तीसगढ़

CG- हैवानियत की हदें पार : नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गए तीन दरिंदे, एक आरोपी ने किया दुष्कर्म, तीनों गिरफ्तार, इलाके में आक्रोश का माहौल….

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 13 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि गोवर्धन पूजा के बाद गांव में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने बच्ची को निशाना बनाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है, वहीं इलाके में आक्रोश का माहौल है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम की आड़ में रची गई साजिश

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की रात गांव में गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में एक बड़ा सांस्कृतिक और रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे जुटे हुए थे। इसी भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर गांव के ही तीन युवकों की नीयत खराब हो गई।

आरोप है कि इन तीनों युवकों ने सुनियोजित तरीके से 13 साल की नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का षड्यंत्र रचा। कार्यक्रम की रौनक और शोर-शराबे के बीच आरोपी मासूम को कार्यक्रम स्थल से दूर एक एकांत स्थान पर खींच ले गए। इसके बाद उनमें से एक मुख्य आरोपी ने बच्ची की लाचारी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म की अमानवीय वारदात को अंजाम दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबराकर मौके से फरार हो गया और अपनी पहचान छुपाने की कोशिश में जुट गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी घटना के तुरंत बाद छिपने के लिए अपने एक रिश्तेदार के घर जा पहुंचा और वहीं सोने की कोशिश कर रहा था।

जब पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर आपबीती अपने परिजनों को बताई, तो पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों की शिकायत पर साइबर सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी को उसी रिश्तेदार के घर से धर दबोचा। इसके तुरंत बाद उसके दूसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

इस बहुचर्चित मामले को लेकर एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि यह सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) का मामला नहीं है। पुलिस की शुरुआती जांच और अब तक के तथ्यों के आधार पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाला मुख्य आरोपी एक ही है।

रेप के आरोपी के साथ गए दोनों सहयोगियों पर अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस वर्तमान में मजिस्ट्रेट के समक्ष नाबालिग का बयान दर्ज करवा रही है, और मेडिकल रिपोर्ट तथा बयानों में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

Related Articles

Back to top button