छत्तीसगढ़

CG- आधी रात PNB बैंक में अचानक बजा इमरजेंसी अलार्म, मौके पर मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा….

रायपुर। राजधानी रायपुर के सदानी दरबार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने लगा। अलार्म की आवाज सुनते ही सुरक्षा को लेकर सतर्क हुई पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। रात्रि गश्त पर तैनात पुलिस टीम ने बैंक परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद सुरक्षा इंतजामों की जांच की। इस दौरान बैंक मैनेजर को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और सतर्कता बरतने के जरूरी निर्देश भी दिए गए।

जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच बैंक में अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने लगा। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, थाना प्रभारी अभनपुर आशीष यादव और माना थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंक परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही इमरजेंसी अलार्म बजने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान बैंक मैनेजर को मौके पर बुलाकर बैंक की सुरक्षा व्यवस्था में पाई गई कमियों से अवगत कराया गया। विशेष रूप से बैंक के पीछे के हिस्से में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने, आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और अन्य सुरक्षा संबंधी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा रात्रि के समय सार्वजनिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंक, एटीएम तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। पुलिस की सक्रियता, सतर्कता एवं त्वरित रिस्पॉन्स के परिणामस्वरूप क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिल रही है।

Related Articles

Back to top button