CG मातर मड़ई में गाली-गलौज से रोकना पड़ा भारी बुजुर्ग पर धारदार स्पोक से 6-7 वार, आरोपी गिरफ्तार..!

धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई के दौरान गाली-गलौज करने से मना करना एक बुजुर्ग को भारी पड़ गया। विवाद के दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद चौकी करेलीबड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। ग्राम भेण्डरी में मातर मड़ई कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान गांव का निवासी ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू बस स्टैंड स्थित चाय ठेले पर पहुंचा और कथित तौर पर अश्लील गाली-गलौज करने लगा। मौके पर मौजूद भागीरथी साहू ने महिलाओं की आवाजाही को देखते हुए उसे गाली-गलौज करने से मना किया।
बताया गया कि इससे आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने जान से मारने की नीयत से अपनी जेब में रखे साइकिल के धारदार स्पोक के टुकड़े से भागीरथी साहू के पेट पर लगातार 6-7 वार कर दिए। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए संजीवनी अस्पताल, नयापारा में भर्ती कराया गया।
रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड में अपराध क्रमांक 236/2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू (27 वर्ष), निवासी ग्राम भेण्डरी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला पुल के नीचे पाइप के अंदर से घटना में प्रयुक्त साइकिल के धारदार स्पोक का टुकड़ा बरामद कर जब्त किया गया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील…धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि गाली-गलौज, विवाद और हिंसक गतिविधियों से बचें तथा कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, पूरी कार्रवाई में चौकी करेलीबड़ी प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।