छत्तीसगढ़

ब्रेकिंग न्यूज़…… छत्तीसगढ़ के किसानों को 13,839 रुपए प्रति एकड़ मिलेगी आदान सहायता,21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी मिलेगा पूरा लाभ खरीफ 2026-27 से लागू होंगे नए दिशा-निर्देश, डिजिटल क्रॉप सर्वे में सत्यापित रकबे के आधार पर होगा भुगतान

कवर्धा/छत्तीसगढ़ शासन ने कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले पात्र किसानों को 13,839 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि मिलेगी।

योजना की खास बात यह है कि किसान यदि निर्धारित सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान भी बेचता है,तब भी उसे सत्यापित धान बोए गए रकबे के आधार पर पूरी सहायता राशि दी जाएगी।

शासन के निर्धारित गणना के अनुसार कॉमन धान के समर्थन मूल्य 2,441 रुपए और आधार मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल के अंतर 659 रुपए को 21 क्विंटल से गुणा करने पर प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता राशि निर्धारित की गई है।

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का खाद्य विभाग के पोर्टल और एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य होगा। सहकारी समिति एवं लैम्प्स के माध्यम से मार्कफेड द्वारा धान उपार्जन कराने वाले पात्र किसानों को इसका लाभ मिलेगा। वहीं धान बीज उत्पादक किसानों के लिए बीज निगम द्वारा धान बीज का उपार्जन आवश्यक है।

धान के बोए गए रकबे का डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा। जहां सर्वे का डेटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां जिला कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापित रकबे को मान्य किया जा सकेगा। ग्रीष्मकालीन धान पर योजना का लाभ नहीं मिलेगा।

आधार लिंक बैंक खाते में आएगी राशि

कृषक उन्नति योजना की सहायता राशि पात्र किसानों के आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे जमा की जाएगी। धान विक्रय के लिए टोकन जारी करते समय किसानों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन करना होगा।

कृषि विभाग ने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन पूर्ण कराने, बैंक खाते को आधार से लिंक रखने और डिजिटल क्रॉप सर्वे में धान के रकबे का सही सत्यापन सुनिश्चित कराने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button