CG-अवैध सूदखोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 160 ब्लैंक चेक और 48 स्टांप बरामद,जाने मामला…

रायपुर 13 नवम्बर 2026। अवैध सूदखोरी, भयादोहन और जबरन वसूली के मामले में महासमुंद जिले की बसना पुलिस ने रायपुर में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मोवा स्थित डॉल्फिन प्लाजा में आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा के घर दबिश देकर बड़ी संख्या में ब्लैंक चेक, स्टांप, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 लाख 20 हजार रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान अलग-अलग व्यक्तियों के हस्ताक्षर वाले 160 ब्लैंक चेक और 48 खाली स्टांप बरामद हुए। इसके अलावा 9 ऋण पुस्तिकाएं और जमीन से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस ने मौके से 27 एटीएम, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के साथ 17 बैंक पासबुक जब्त की हैं।
कार्रवाई में ब्याज के लेन-देन का हिसाब-किताब लिखी दो डायरियां और दो नोट कॉपियां भी मिली हैं। पुलिस ने इन दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त कर लिया है। बरामद सामग्री के आधार पर लेन-देन और कथित सूदखोरी से जुड़े नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।
इस मामले में थाना बसना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 296 और 351(2) के साथ छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह छाबड़ा को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जब्त दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड के आधार पर कथित अवैध ब्याज वसूली से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।


