CG – जयरामनगर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण में लेटलतीफी, जिला पंचायत सदस्य कांत ने डीआरएम को लिखा पत्र पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//जयरामनगर रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्य में हो रही लेटलतीफी एवं शीघ्र निर्माण पूरा कराने को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर को 13 नवम्बर को पत्र लिखा है।
पत्र में बताया गया है कि हम सभी जयरामनगर एवं आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों (मस्तूरी / बिलासपुर क्षेत्र) के निवासी हैं। पत्र के माध्यम से जयरामनगर रेलवे फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज (ROB) के अत्यधिक धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया है।
बताया गया कि इस ओवरब्रिज का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिसके कारण आम जनता को निम्नलिखित गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
– अत्यधिक जाम की स्थिति – हावड़ा – मुंबई मुख्य रेल मार्ग होने के कारण यहां पर हर कुछ मिनटों में ट्रेन आती जाती है जिसके वजह से फाटक बंद रहता है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं।
– आपातकालीन सेवाओं में बाधा – एम्बुलेंस, स्कूली बच्चों और दैनिक यात्रियों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है, जिससे कई बार गंभीर स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
– अधूरे निर्माण से खतरा – निर्माणाधीन स्थल पर धूल गड्ढों और अव्यवस्थित मार्ग के कारण आय दिन छोटी बड़ी दुर्घटना हो रही है।
अतः पत्र में विनम्र निवेदन किया गया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के लिए कड़े निर्देश देने की कृपा करें, ताकि ओवरब्रिज का निर्माण जल्द से जल्द पूरा हो सके। इसके लिए समस्त क्षेत्रवासी सदैव आपका औऱ विभाग का आभारी रहेंगे।




