CG- प्रमोशन पर ब्रेक: इन कर्मचारियों को बड़ा झटका, 5 जुलाई को हुई ऑनलाइन प्रमोशन परीक्षा पूरी तरह हुई रद्द…..

भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड SAIL के हजारों कर्मचारियों के लिए एक बेहद निराशाजनक खबर सामने आई है। नॉन-एग्जीक्यूटिव से एग्जीक्यूटिव (जेएम-2026) कैडर में प्रमोशन पाने का सपना देख रहे कर्मचारियों को बड़ा झटका देते हुए सेल प्रबंधन ने 5 जुलाई 2026 को देश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा CBT को रद्द कर दिया है। परीक्षा रद्द होने का यह फैसला प्रशासनिक कारणों और विजिलेंस विभाग की गोपनीय जांच रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। परीक्षा के दौरान व्यापक स्तर पर गड़बड़ियों और धांधली की पुष्टि हुई थी।
विजिलेंस और जांच कमेटियों की रिपोर्ट के बाद गिरी गाज
बीते 5 जुलाई को हुई इस ऑनलाइन परीक्षा के संपन्न होने के बाद से ही परिणामों का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन इसके साथ ही विभिन्न केंद्रों पर अनियमितताओं की सुगबुगाहट भी तेज हो गई थी। कई जगहों पर परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी और धांधली के गंभीर आरोप लगे थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विजिलेंस (सतर्कता विभाग) और एक अन्य उच्चस्तरीय जांच कमेटी ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट सीधे कॉरपोरेट ऑफिस को सौंपी थी। शिकायतों और साक्ष्यों के पुख्ता पाए जाने के बाद प्रबंधन के पास इस परीक्षा को निरस्त करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा था, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से परीक्षा रद्द करने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया।
अब नए सर्कुलर का इंतजार, मेहनत पर फिरा पानी
सेल प्रबंधन ने फिलहाल परीक्षा रद्द करने का आदेश तो जारी कर दिया है, लेकिन नई परीक्षा की तारीख, समय या विस्तृत दिशा-निर्देशों का ऐलान अभी नहीं किया गया है। री-एग्जाम से जुड़ी तमाम जानकारियां जल्द ही एक अलग सर्कुलर के जरिए जारी की जाएंगी।
इस फैसले से परीक्षा में शामिल हो चुके पुराने उम्मीदवारों में भारी निराशा है, जिन्हें अब एक बार फिर से तैयारी में जुटना होगा। हालांकि, प्रबंधन का दावा है कि री-एग्जाम को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाएगा और व्यवस्थाएं इतनी पुख्ता होंगी कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न बचे।
इस पूरे प्रकरण का सबसे अहम और विवादित पहलू आगामी परीक्षा के लिए तय की गई पात्रता Eligibility है। सेल प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि री-एग्जाम में केवल वही कर्मचारी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने 5 जुलाई 2026 की परीक्षा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी और जो अन्य शर्तें पूरी करते हैं।



