छत्तीसगढ़

CG जॉब अलर्ट : नौकरी का सुनहरा मौका, 8वीं से लेकर आईटीआई के अभ्यर्थियों को मिलेगी नौकरी, देखें डिटेल…..

एमसीबी-रायगढ़। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में 500 से ज्यादा पदों पर भर्ती निकली है। नौकरी की तलाश में बैठे युवाओं के लिए अच्छा मौका है। 16 नवंबर और 20 नवंबर को नौकरी देने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में 8 से लेकर आईटीआई पास युवाओं को रोजगार मिलेगा।

एमसीबी जिले में 16 नवंबर को रोजगार मेला

जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा 16 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार कार्यालय मनेन्द्रगढ़ में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित इस प्लेसमेंट कैंप में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 265 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेले में 8वीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई एवं अग्निशामक डिप्लोमा उत्तीर्ण महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकेंगे।

फायरमैन, सुरक्षा गार्ड सहित विभिन्न पदों पर होगी भर्ती

रोजगार मेले में अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन संस्थान, स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड, श्रमिक टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड तथा टीमलीज सर्विसेज लिमिटेड सहित विभिन्न निजी नियोजक शामिल होंगे। इनके द्वारा फायरमैन, सुरक्षा गार्ड, पैकेजिंग स्टाफ, चालक, वार्ड बॉय, फील्ड अधिकारी, मीटर स्थापना एवं पिकर-पैकर सहित विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित युवाओं को पद एवं योग्यता के अनुसार प्रतिमाह 8 हजार से 25 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। कुछ कंपनियों द्वारा निःशुल्क आवास एवं मेस-कैंटीन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित रायपुर एवं अन्य निर्धारित कार्यस्थलों पर की जाएगी।

ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा बताया गया है कि रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in/ अथवा गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध CG Rojgar पंजीयन ऐप के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकृत होना अनिवार्य है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में भाग ले सकेंगे।

इच्छुक आवेदकों को अपने समस्त शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण-पत्र, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होने को कहा गया है। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रायगढ़ में 241 पदों पर होगी भर्ती

जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय आवेदकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 20 नवंबर को शासकीय आईटीआई घरघोड़ा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। इसमें विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 241 पदों पर भर्ती की जाएगी।

10वीं एवं 12वीं को जॉब

जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड रायपुर, जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड रायपुर और टीपीएल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड हैदराबाद द्वारा रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। स्वतंत्र माइक्रोफिन में फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर में टेक्नीशियन के 15 पदों के लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई/डिप्लोमा तथा सुपरवाइजर के 1 पद के लिए डिप्लोमा या बीटेक योग्यता निर्धारित की गई है।

जानिए सैलरी

इसी प्रकार टीपीएल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा टेक्नीशियन, फिटर, गैस कटर, ग्राइंडर ऑपरेटर, लेथ मशीन ऑपरेटर, वेल्डर, टर्नर, क्रेन ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर और हेल्पर के कुल 195 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आईटीआई, डिप्लोमा एवं 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। संबंधित पदों के लिए दो वर्ष का कार्यानुभव आवश्यक होगा। चयनित अभ्यर्थियों को 14 हजार से 25 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इन पदों का कार्यक्षेत्र जेएसपीएल रायगढ़ रहेगा।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिन आवेदकों का पंजीयन नहीं हुआ है, उनके लिए रोजगार मेला स्थल पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी अपने समस्त मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, अनुभव प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं। रिक्त पदों, शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल अथवा संबंधित कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button