CG- कृषि विभाग के लिपिक का मिला शव, संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से फैली सनसनी, चार दिन से था लापता….

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में चार दिनों से लापता कृषि विभाग के लिपिक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सीताराम लकड़ा के रूप में हुई है, जो लखनपुर कृषि विभाग में पदस्थ थे। उनका शव शहर के जेल तालाब के पास एक दलदली गड्ढे में मिला। शव मिलने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, सीताराम लकड़ा 10 नवंबर की शाम अपने घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार पत्नी की शिकायत पर मणिपुर थाना पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
शनिवार को जेल तालाब के समीप दलदली गड्ढे में एक व्यक्ति का शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान सीताराम लकड़ा के रूप में की। शव दलदल में फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने के लिए SDRF की मदद ली गई। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी, मणिपुर थाना पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके अलावा फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शव मिलने की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। यह भी जांच की जा रही है कि सीताराम लकड़ा दलदली गड्ढे तक किन परिस्थितियों में पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई।
चार दिनों से लापता कृषि विभाग के लिपिक का इस तरह शव मिलने से परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, पुलिस की जांच के बाद ही इस संदिग्ध मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी।



