छत्तीसगढ़

CG- दीवार के भीतर बैठा था 8 फीट का ‘खूंखार मेहमान’, मंदिर में मचा हड़कंप, 2 घंटे चला रेस्क्यू….

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के हरदीबाजार में एक घर का आंगन उस वक्त दहशत का ठिकाना बन गया, जब वहां बने छोटे से मंदिर की दीवार में 8 फीट लंबा विशाल अजगर छिपा मिला। दीवार के भीतर अजगर को देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। काफी कोशिशों के बाद भी जब वह बाहर नहीं निकला तो वन्यजीव रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। आखिरकार मंदिर की दीवार तोड़कर अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

जानकारी के मुताबिक, हरदीबाजार क्षेत्र में एक परिवार के घर के आंगन में बने मंदिर की दीवार के भीतर अजगर छिपकर बैठा था। शुरुआत में परिवार के लोगों को इसकी मौजूदगी का पता चला तो उन्होंने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन अजगर दीवार के अंदर ऐसी जगह पर था, जहां तक पहुंचना आसान नहीं था। इसके बाद परिवार ने वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी से संपर्क किया।

सूचना मिलने के बाद जितेंद्र सारथी की टीम के सदस्य राकेश मानिकपुरी मौके पर पहुंचे। टीम ने स्थिति का जायजा लिया तो पता चला कि अजगर दीवार के भीतर गहराई में छिपा हुआ है। उसे बिना नुकसान पहुंचाए बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। आखिरकार अजगर तक सुरक्षित पहुंचने के लिए दीवार का कुछ हिस्सा तोड़ना पड़ा।

करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद टीम ने 8 फीट लंबे विशाल अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान पूरी सावधानी बरती गई, ताकि सांप और आसपास मौजूद लोगों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे।

रेस्क्यू के बाद अजगर को उसके प्राकृतिक रहवास यानी जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के सुरक्षित बाहर निकलने और किसी तरह की अनहोनी नहीं होने पर परिवार ने राहत की सांस ली। परिवार के सदस्यों ने जितेंद्र सारथी और उनकी पूरी रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों के रिहायशी इलाकों में पहुंचने की घटनाओं को सामने ला दिया है। विशेषज्ञों की सलाह है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, बल्कि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम की मदद लेनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button