छत्तीसगढ़

CG- दिनदहाड़े लूट से मचा हड़कंप : घर में घुसकर महिला से लाखों की लूट, SP ने बनाई जांच टीम….

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी लूटने की वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांच के लिए 8 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के नेतृत्व में गठित इस टीम को आरोपियों की पहचान कर जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दरअसल, घटना अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 की है। दो नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अकेली महिला को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि महिला घर में अकेली थी। इसी दौरान छत पर आहट सुनकर वह बाहर निकली, तो गमछे से चेहरा ढके दो युवक दिखाई दिए।

आरोप है कि दोनों बदमाश महिला को जबरदस्ती कमरे में ले गए और अलमारी की चाबी मांगी। महिला के पास चाबी नहीं मिलने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपये नगद लेकर अपने साइकिल से फरार हो गए।

मामले की जांच के लिए गठित 8 सदस्यीय टीम में नगर पुलिस अधीक्षक जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, उप पुलिस अधीक्षक अजाक सतरूपा तारम, जांजगीर थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे, बलौदा थाना प्रभारी मनोहर लाल सिन्हा, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और पुलिस सहायता केंद्र करही के सउनि. रामप्रसाद बघेल को शामिल किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button