टांगापानी में खुला नया धान खरीदी केंद्र, किसानों की बड़ी परेशानी हुई खत्म,850 किसानों को मिलेगा सीधा फायदा..!

टांगापानी के आसपास के 8-9 गांवों के लगभग 850 किसानों को मिलेगी सुविधा, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले में भी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। जिले के नए और पुराने उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू होने के साथ ही टांगापानी के किसानों के लिए यह दिन विशेष खुशी लेकर आया। लंबे समय से नए धान खरीदी केंद्र की मांग कर रहे किसानों को अब अपने गांव के समीप ही उपज बेचने की सुविधा मिल गई है।
टांगापानी क्षेत्र के आसपास के 8-9 गांवों के किसान पहले धान बेचने के लिए सेमरा (सिहावा) उपार्जन केंद्र जाते थे। दूरी अधिक होने के कारण उन्हें परिवहन खर्च, समय और अतिरिक्त मेहनत उठानी पड़ती थी। नए केंद्र के शुरू होने से लगभग 850 किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले करीब 1,400 किसानों का दबाव छोटे उपार्जन केंद्र पर रहता था, जिससे खरीदी के दौरान भीड़ और असुविधा होती थी। अब किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलेगी।
नए केंद्र में पहले ही दिन किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। आज दो किसानों ने टोकन के माध्यम से कुल 58 क्विंटल धान का विक्रय किया। ग्राम खड़पथरा के किसान मोतीराम ध्रुव, पिता रामभुवन ने 40 क्विंटल तथा धर्मेंद्र कुमार निषाद, पिता प्यारीलाल निषाद ने 18 क्विंटल धान बेचा। किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी तथा धान बेचने की प्रक्रिया भी सुविधाजनक होगी।
धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ समिति अध्यक्ष एवं ग्राम ठेमली के सरपंच श्री रामसिंग मरकाम ने किया। इस अवसर पर यशवंत मंडावी,सरपंच ग्राम पंचायत भड़सिवना, नील कुमार कोडोप्पी,सरपंच, ग्राम पंचायत कोंगेरा,मुकेश कुमार कुंजाम ,ग्राम पटेल,सोहन लाल साहू, अमर सिंह, धनसाय नागवंशी, पंचम सिंह सलाम, सूरजभान सलाम, शोभाराम नागवंशी, गोविंद मरकाम, गट्टासिल्ली,समिति पूर्व अध्यक्ष ,अनूप कुमार साहू, सेमरा समिति अध्यक्ष,राधेश्याम नाग, किसान संघ अध्यक्ष श्री पुनीत राम सह, जिला उपाध्यक्ष श्री अकबर कश्यप, सेमरा समिति पूर्व अध्यक्ष अर्जुन सिंह देवांगन विनय देवांगन कुमार डोटे पूर्व सरपंच श्रीमती बिसन्तीन पालेश्वर, मीना नेताम, गणेशिया मरकाम क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी, किसान संघ के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी उपज का सुगमतापूर्वक विक्रय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। नए धान उपार्जन केंद्रों की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रयास किया गया है कि किसानों को अपने गांव और क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिले, जिससे उनका समय, श्रम और परिवहन व्यय बचे। सभी उपार्जन केंद्रों में सुव्यवस्थित खरीदी, आवश्यक व्यवस्थाओं और किसानों की सहूलियत का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।