धान के अवैध खेल पर प्रशासन का सर्जिकल स्ट्राइक,नगरी में ताबड़तोड़ कार्रवाई, 1,660 कट्टा धान जब्त..!

अवैध धान भंडारण एवं परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, अलग-अलग कार्रवाई में 1,660 कट्टा/बोरी धान जब्त,नगरी क्षेत्र में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम की कार्रवाई, बनरौद नाका में 300 बोरी धान जब्त कर पुलिस के सुपुर्द
धमतरी। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केंद्रों में खपाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निगरानी तेज कर दी गई है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार राजस्व एवं मंडी विभाग की टीमें लगातार जांच एवं कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में नगरी तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सांकरा में व्यापारी शोभानाथ गोस्वामी के गोदाम में जांच के दौरान 150 कट्टा धान पाया गया। आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में राजस्व एवं मंडी विभाग की टीम ने मंडी अधिनियम के तहत धान जब्त किया।
इसी तरह 15 नवंबर को ग्राम सिंगपुर में मंडी टीम द्वारा चैतराम साहू के प्रकरण में 32 कट्टा (12.80 क्विंटल) धान की जब्ती की कार्रवाई की गई।
वहीं, 16 नवंबर को नगरी में व्यापारी खेमचंद/केवलचंद फर्म के गोदाम की जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेज के भंडारित 1,178 कट्टा धान पाया गया। संयुक्त टीम ने मंडी अधिनियम के तहत उक्त धान जब्त किया।
इसके अलावा आज बनरौद नाका में भी प्रशासनिक टीम द्वारा कार्रवाई करते हुए 300 बोरी धान जब्त किया गया। जब्त धान को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के उद्देश्य से उपार्जन केंद्रों, गोदामों, परिवहन मार्गों एवं नाकों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से धान का भंडारण, परिवहन अथवा खरीदी केंद्रों में खपाने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।