CG- जेल में बंदी की संदिग्ध मौत, चक्कर खाकर गिरा कैदी, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम…..

महासमुंद। जिला जेल महासमुंद में बुधवार सुबह एक बंदी की अचानक मौत से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बंदी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई है। हालांकि, बंदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह जेल में बंद सैय्यद अशफाक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर गया। जेल कर्मचारियों ने उसे तत्काल प्राथमिक इलाज उपलब्ध कराया और गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट से मौत होने की आशंका जताई है।
बंदी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका विस्तृत विवरण अभी सामने आना बाकी है। सैय्यद अशफाक किस मामले में जेल में बंद था और उसे कब गिरफ्तार कर यहां लाया गया था, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटना को लेकर जेल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के आधिकारिक बयान का इंतजार है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।



