छत्तीसगढ़

CG- अटल आवास में खूनी संघर्ष, दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक युवक की मौत, तीन घायल, इलाके में तनाव का माहौल….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर स्थित बगड़ाई मंदिर के पास अटल आवास में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस हिंसक झड़प में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक घायल हो गए। मृतक की पहचान मयंक ध्रुव के रूप में हुई है। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल विवाद की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, छत पर लकड़ी जलाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इस दौरान दोनों ओर से नुकीले हथियारों से हमला किया गया। हमले में एक पक्ष के सुदामा साहू, बिट्टू मानिकपुरी और एक अन्य युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के करीब 19 से 20 वर्षीय मयंक ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि शुरुआती जानकारी में छत पर लकड़ी जलाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। एक युवक की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद अटल आवास क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे घटना की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button