छत्तीसगढ़

CG- बुलेट चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 नाबालिग समेत 7 आरोपी गिरफ्तार, इतनी गाड़ियां हुई बरामद, ऐसे देते थे घटना को अंजाम…..

रायपुर। राजधानी में बुलेट चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नाबालिग समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 बुलेट सहित कुल 13 वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य शहर के अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

जानिए पूरा मामला

दरअसल, विशेष टीम द्वारा थाना डी.डी.नगर क्षेत्र में पेट्रोलिंग व संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बुलेट वाहन में सवार एक व्यक्ति पुलिस टीम को दिखाई दिया, जिसके वाहन में पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। संदेह के आधार पर टीम द्वारा वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें वाहन के सामने नंबर प्लेट लगी होना पाया गया। पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम दीप छाबड़िया, निवासी कोटा, थाना सरस्वती नगर बताया।

टीम द्वारा वाहन के वैध दस्तावेज पेश करने को कहा गया पर वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में लगातार गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। संदेह के आधार पर उससे गहनता व सूक्ष्मता से पूछताछ करने पर उसने बुलेट वाहन चोरी का होना स्वीकार किया। साथ ही बताया कि उसने अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले व कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से वाहन चोरी किया था।

पुलिस टीम द्वारा प्रकरण में संलिप्त रूद्राक्ष चंद्रवंशी, शुभम पटले, कृष्ण कुमार सिंह व विधि से संघर्षरत 3 बालकों को पकड़ा गया। सभी से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने रायपुर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में घूम-घूमकर 13 दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया।

सभी 7 आरोपियों/अपचारियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कब्जे से 7 बुलेट सहित कुल 13 नग दोपहिया वाहन कीमती लगभग 16,50,000 रूपये तथा घटनाओं में शामिल 3 नग दोपहिया वाहन (एथर, आई-क्यूब व बर्गमेन) कीमत लगभग 18,50,000 रूपये जब्त किया गया।

चोरी किए गए सभी 13 दोपहिया वाहनों के संबंध में थाना डी.डी.नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती व टिकरापारा में धारा 303(2), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध है। प्रकरणों में आरोपियों द्वारा संगठित रूप से गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दिए जाने के तथ्य सामने आने पर संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 एवं 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई है।

ऐसे देते थे घटना को अंजाम

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी व अपचारी संगठित गिरोह बनाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते थे और विशेष रूप से बुलेट सहित अन्य दोपहिया वाहनों को अपना निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य वाहनों का लॉक तोड़कर उन्हें चोरी करते थे। चोरी के दौरान एक सदस्य चोरी किए गए वाहन को चलाता था और गिरोह के अन्य सदस्य अपने साथ लाए गए दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए चोरी के वाहन को ले जाते थे।

वाहनों की पहचान छिपाने के उद्देश्य से आरोपी वाहनों की नंबर प्लेट निकाल देते थे अथवा बदल देते थे। इसके अतिरिक्त वाहनों पर लगे पहचान संबंधी निशानों को मिटा देते थे या संबंधित पार्ट्स बदल देते थे, ताकि चोरी के वाहनों की पहचान करना मुश्किल हो सके।

गिरफ्तार आरोपियों व अपचारियों से वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही गिरोह में संलिप्त अन्य संभावित सदस्यों की पहचान कर उनकी भूमिका एवं संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी एकत्रित की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

01. दीप छाबडिया पिता जगदीश छाबडिया उम्र 21 साल निवासी कल्पतरू कालोनी कोटा रोड़ ब्लॉक नंबर ए मकान नंबर 404 थाना सरस्वती नगर रायपुर।

02. रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस पिता सुरेश चंद्रवंशी उम्र 18 साल निवासी शांति विहार कालोनी डंगनिया थाना डी. डी. नगर रायपुर।

03. शुभम पटले पिता मुकेश पटले उम्र 22 साल निवासी किराए का मकान रायपुरा थाना डी. डी. नगर रायपुर।

04. कृष्ण कुमार सिंह पिता कामदेव सिंह उम्र 21 साल निवासी जे डी काम्पलेक्स के पीछे थाना कबीर नगर रायपुर।

05. विधि के साथ संघर्षरत 03 बालक।

Related Articles

Back to top button