छत्तीसगढ़

CG- स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूल परिसर में बच्चों पर हमला, 20 छात्र घायल, मची अफरा-तफरी…..

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्कूल पहुंचे बच्चों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना चरचा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय की है, जहां अचानक हुए हमले से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के डंक से करीब 12 से 20 छात्र घायल हो गए। घटना के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में सभी घायल छात्रों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ है। अचानक किसी कारणवश भड़की मधुमक्खियों के झुंड ने वहां से गुजर रहे बच्चों पर हमला बोल दिया। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने कहा कि, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इसी छत्ते की मधुमक्खियों के हमले से बच्चे घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो छत्ते को हटवाया गया और न ही बच्चों की सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम किए गए।

घटना की सूचना मिलते ही घबराए अभिभावक स्कूल पहुंचे और घायल बच्चों को तत्काल जिला अस्पताल बैकुंठपुर समेत अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर संवेदनहीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद स्कूल का कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी या शिक्षक बच्चों को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आया, जिससे परिजनों में भारी आक्रोश है।

जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आयुष जायसवाल ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि, मधुमक्खियों के डंक से घायल करीब 12 से 20 बच्चों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। सभी बच्चों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि, फिलहाल किसी भी बच्चे की स्थिति गंभीर नहीं है।

Related Articles

Back to top button