छत्तीसगढ़

CG- महादेव ऐप का काला चिट्ठा खोलेगा सौरभ! काली कमाई से प्रोटेक्शन मनी तक, पूछताछ में उगले कई राज….

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में एक बड़ी खबर सामने आ रही है। ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर चल रहे सौरभ चंद्राकर ने पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे किए हैं। इन खुलासों में एबिक्स कंपनी की खरीद-फरोख्त से लेकर काली कमाई को सफेद करने और प्रोटेक्शन मनी के लेन-देन तक की जानकारी सामने आई है। वहीं, मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ भी ईडी ने कार्रवाई तेज कर दी है

दरअसल, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी की पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर ने एबिक्स कंपनी को लेकर कई अहम जानकारियां दी हैं। पूछताछ में सामने आया है कि विकास गर्ग से इस कंपनी को बीमारू कंपनी के तौर पर खरीदा गया था। आरोप है कि विकास गर्ग कई कंपनियों के माध्यम से काली कमाई के पैसों को सफेद करने का काम करता था। इसके लिए अलग-अलग कंपनियों में पैसे लगाकर मनी ट्रेल को बदलने का तरीका अपनाया जाता था

वहीं, पूछताछ में प्रोटेक्शन मनी को लेकर भी कई बड़े खुलासे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, हर महीने करीब 15 दिन के अंतराल में 50-50 लाख रुपये दिए जाते थे। यानी हर महीने बड़ी रकम के लेन-देन की बात सामने आई है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक ईडी की कस्टोडियल रिमांड पर है और उससे लगातार पूछताछ जारी है।

इधर, मामले में फरार अनिल अग्रवाल और विशाल आहुजा की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। रायपुर की PMLA कोर्ट ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। साथ ही ईडी ने दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कराने के लिए भी आवेदन दिया है। वहीं, विशाल आहुजा के भाई धीरज आहुजा ने रायपुर की PMLA कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है, बताया जा रहा है कि धीरज आहुजा ने सौरभ चंद्राकर की करीब 200 करोड़ रुपये की लागत वाली शादी में गेस्ट बुकिंग का काम संभाला था दूसरी ओर, इस मामले में शुभम सोनी के खिलाफ भी पहले ही गैर-जमानती वारंट जारी किया जा चुका है

फिलहाल महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में ईडी की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में सामने आ रहे खुलासों और फरार आरोपियों के खिलाफ हो रही कानूनी कार्रवाई से आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button