छत्तीसगढ़

CG Sex Racket : सेक्स रैकेट का खुलासा, किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार, संचालक गिरफ्तार….

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। इसी कड़ी में ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर 52 वर्षीय गोविंद साहू को पकड़ा। आरोपी पर मकान में देह व्यापार संचालित करने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 2 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवती के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना मिलने के बाद एसएसपी शशिमोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।

पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर संबंधित मकान के अंदर भेजा। पाइंटर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला, जबकि एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक गतिविधि के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं, आरोपी ने पूछताछ के दौरान पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होना बताया। पुलिस ने मौके से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना एवं प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में किसी भी तरह की अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button