CG- हनी ट्रैप के जाल में फंसाकर युवक से लूट, चाकू की नोक पर वारदात पर दिया वारदात को अंजाम, युवती सहित 6 आरोपी गिरफ्तार…

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने हनी ट्रैप में युवक को फंसाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह में शामिल युवती सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपए नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 2 मोटरसाइकिल जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी मनीष वर्मा जिला रायगढ़ का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से जिला रायगढ़ क्षेत्र की युवती से परिचय हुआ था। बातचीत के दौरान युवती लगातार प्रार्थी को चांपा मिलने के लिए बुला रही थी। 4 नवंबर को प्रार्थी अपने मित्र के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर वह अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़कर उसके साथ आगे चला गया।
इसी दौरान रात्रि करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास 5 युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर प्रार्थी को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों एवं बेल्ट से मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी तथा 60,000 रुपए नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। घटना में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत होना सामने आया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026, धारा 115(2), 308 (2), 111(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल महिला सहित सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21 वर्ष) निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर, रवि झलरिया (24 वर्ष) निवासी हसदेव विहार कॉलोनी, जांजगीर, किशन कर्ष (21 वर्ष) निवासी ग्राम महुदा, थाना चांपा, हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21, जांजगीर, कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष) निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी, जांजगीर, हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल, थाना चांपा, मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष( निवासी जोबी (जर्वे च), थाना जांजगीर और जिला रायगढ़ क्षेत्र निवासी युवती शामिल हैं.



