CG – पोंडी उपरोड़ा में बदली खेती की तस्वीर: अब धान के साथ दलहन- तिलहन से भी समृद्धि की ओर बढ़ रहे किसान पढ़े पूरी ख़बर
कोरबा// कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में अब खेती सिर्फ धान तक सीमित नहीं रह गई है। पहले जहां किसान केवल धान की उपज को ही प्राथमिकता देते थे, वहीं अब कृषि विभाग के माध्यम से किए जा रहे सतत मार्गदर्शन और प्रेरणा के परिणामस्वरूप किसानों का रुझान गेहूं, चना, सरसों, मसूर, तिवरा, अलसी जैसे दलहन- तिलहन फसलों की ओर तेजी से बढ़ा है। इस बदलाव से किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ- साथ मिट्टी की उर्वरता भी सुधर रही है और किसान आर्थिक समृद्धि की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
इस संबंध में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा सुनीता तिर्की ने बताया कि दलहन- तिलहन को लेकर बुआई रकबा बढ़ रहा है, जहां बीते वर्ष प्रदर्शनी हेतु गेहूं 110 हेक्टेयर, चना 163 हेक्टेयर, सरसों 750 हेक्टेयर, तिवरा 8 हेक्टेयर, अलसी 2 हेक्टेयर, मसूर 40 हेक्टेयर लक्ष्य की पूर्ति हुई थी। वहीं किसानों में इन फसलों के प्रति बढ़ी उत्सुकता से वर्तमान वर्ष बुआई रकबा कई गुना बढ़ गया है, जिसमें गेहूं 122 हेक्टेयर, चना 171 हेक्टेयर, सरसों 2000 हेक्टेयर, तिवरा 10 हेक्टेयर, अलसी 6 हेक्टेयर, मसूर 102 हेक्टेयर प्रदर्शनी हेतु लक्ष्य निर्धारित हुआ है।
विशेष रूप से सरसों और मसूर की खेती में हुई अभूतपूर्व वृद्धि यह साबित करती है कि किसान अब परंपरागत खेती से आगे बढ़कर वैज्ञानिक और लाभकारी खेती को अपना रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से कृषक वर्ग अब धान की खेती के साथ- साथ दलहन- तिलहन की पैदावार भी लेकर आर्थिक समृद्धि की ओर बढ़ रहे हैं। विभाग द्वारा किसानों को उन्नत बीज, संतुलित खाद, कीट प्रबंधन और आधुनिक तकनीक की जानकारी लगातार दी जा रही है, जिससे उत्पादन और मुनाफा दोनों बढ़ा है। कृषि विभाग के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, दलहन- तिलहन विकास कार्यक्रम, बीज वितरण पर अनुदान, प्रदर्शन कार्यक्रम, किसान प्रशिक्षण और फसल बीमा जैसी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है।
इन योजनाओं के तहत किसानों को उन्नत किस्म के बीज, प्रदर्शन के लिए सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन मिल रहा है। दलहन- तिलहन की खेती से किसानों को दोहरा लाभ मिल रहा है। एक तरफ बाजार में अच्छी कीमत, दूसरी तरफ दलहनी फसलों से मिट्टी में नाइट्रोजन की वृद्धि, जिससे अगली धान की फसल भी बेहतर होती है। इसे लेकर पोड़ी उपरोड़ा के किसानों का भी कहना है कि अब वे धान के भरोसे ही नहीं रहना चाहते। सरसों, मसूर और चना की खेती से कम पानी और कम लागत में अधिक मुनाफा मिल रहा है, इसलिए आने वाले समय में और अधिक किसान इससे जुड़ेंगे।




