शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धमतरी पुलिस का शिकंजा, 2 चालक पकड़े गए; मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त, नाबालिग को वाहन देने वाले पालक पर भी कार्रवाई..
धमतरी। सड़क सुरक्षा को लेकर धमतरी पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती तेज कर दी है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले दो चालकों सहित मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालक और नाबालिग को वाहन चलाने देने वाले पालक के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उप पुलिस अधीक्षक यातायात रूपेश कुमार के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज साहू के नेतृत्व में 20 नवंबर को विशेष वाहन चेकिंग एवं चालानी अभियान चलाया गया।
शराब के नशे में वाहन चलाते मिले दो चालक
चेकिंग के दौरान शराब का सेवन कर वाहन चलाते पाए गए दो वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
मॉडिफाइड साइलेंसर पर भी कार्रवाई
अभियान के दौरान वाहन में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज और कर्कश आवाज करने वाले वाहन पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर ही मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर लिया।
पुलिस के मुताबिक इस तरह के साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है और बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों सहित आम नागरिकों को परेशानी होती है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का उपयोग करने की हिदायत दी है।
नाबालिग के हाथ में बाइक, पालक पर कार्रवाई
वाहन जांच के दौरान एक नाबालिग को वाहन चलाते हुए भी पकड़ा गया। पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को मौके पर बुलाया और नाबालिग को वाहन चलाने देने के संबंध में पालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस ने परिजनों को समझाइश देते हुए कहा कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना उनके जीवन के साथ-साथ सड़क पर मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब का सेवन कर किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें तथा वाहनों में निर्धारित मानकों के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल न करें।
पुलिस ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के साथ यातायात नियमों की अनदेखी से बचने की भी अपील की है।
धमतरी पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा।
